विश्व फोटोग्राफी दिवस
जिले की दो बेटियों ने अपने नजरिये और रचनात्मकता से जीते पुरस्कार
काजल कुमारी
फरीदाबाद। तस्वीरें केवल पल नहीं सहेजतीं, बल्कि समाज का आइना भी बनती हैं। विश्व फोटोग्राफी दिवस पर अमर उजाला आपको बता रहा है जिले की दो ऐसी बेटियों के बारे में जिन्होंने इसी सोच को हकीकत में बदलते हुए अपने कैमरे से नए नजरिये और रचनात्मकता का परिचय दिया है। शहर की दो होनहार छात्राओं, प्रियंका सैनी और रवलीन कौर तलवार ने अपनी कला के दम पर न सिर्फ पुरस्कार जीते, बल्कि जिले का नाम भी रोशन किया।
प्रियंका सैनी
सेक्टर-16 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय सरकारी महिला कॉलेज की छात्रा प्रियंका सैनी ने कई खंड और जिला स्तर पर वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी में प्रथम स्थान प्राप्त किए है। प्रियंका ने बताया कि उन्हें जनजीवन पर फोटोग्राफी करना बेहद पसंद है। इसके अलावा उनको रोजमर्रा की भागदौड़ में कई पलों को कैमरे में कैद करना भी अच्छा लगता है। इस हुनर की शुरूआत स्कूल से हुई लेकिन कॉलेज के प्रथम वर्ष में उन्होंने जोनल यूथ फेस्ट में मंच पर पहला स्थान मिला। इसके बाद कई फोटोग्राफी प्रतियोगिता में उन्होंने अवॉर्ड जीते हैं। प्रियंका अब फाइन आर्ट्स में उच्च शिक्षा लेना चाहती हैं और उनका सपना है कि एक दिन अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करें।
रवलीन कौर तलवार
रवलीन कौर तलवार, मानव रचना इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च एंड स्टडीज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की छात्रा हैं। उन्होंने हाल ही में आईआईटी में 26 जुलाई को आयोजित रोड सेफ्टी फोटोग्राफी प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम्स और ड्राइवर मॉनिटरिंग सिस्टम्स पर आयोजित कार्यशाला के दौरान हुई थी। रवलीन ने सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर विषय को अपने कैमरे से बेहद रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे निर्णायकों ने सराहा। रवलीन ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए गर्व का विषय है और इसमें उनके संस्थान और शिक्षकों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। वहीं प्रियंका ने बताया कि उनका कैमरा उन्हें नए दृष्टिकोण से जीवन को देखने की प्रेरणा देता है।