- शिक्षा सुविधाओं को मिलेगा नया आयाम, भवन में बनाए जाएंगे 12 कक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शिक्षा ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार ने भाकरी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नई स्टोरी बिल्डिंग के निर्माण को मंजूरी दे दी। लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस इमारत से विद्यालय के बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार होगा।
शिक्षा विभाग अधिकारी ने बताया प्रस्तावित भवन में कुल 12 कक्ष बनाए जाएंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए आधुनिक पीसीबी लैब की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। भवन में दो सीढ़ियां, शौचालय, प्रिंसिपल का कमरा और स्टाफ रूम भी तैयार किए जाएंगे ताकि पढ़ाई के साथ-साथ प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
विद्यालय में बढ़ती छात्र संख्या और पुराने भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले मौजूदा संरचना को तोड़ने का कार्य किया जाएगा, जिसके लिए विभाग ने तोड़ने का टेंडर जारी कर दिया है। उम्मीद की जा रही है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यह कार्य पूरा कर विद्यार्थियों को नई इमारत में पढ़ाई का अवसर मिल सकेगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना सरकार के उस लक्ष्य का हिस्सा है, जिसके तहत ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्कूलों को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। इस कदम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध होगा।
वर्जन
भाकरी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नई स्टोरी बिल्डिंग का निर्माण छात्रों के लिए ऐतिहासिक पहल है। लगभग तीन करोड़ की लागत से बनने वाले इस भवन में 12 कमरे, पीसीबी लैब, प्रिंसिपल और स्टाफ रूम, शौचालय जैसी सभी जरूरी सुविधाएं होंगी। इससे बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल और आधुनिक संसाधन मिलेंगे। हमारा प्रयास है कि एक साल में निर्धारित समय सीमा में काम पूरा कर विद्यार्थियों को नई बिल्डिंग की सौगात दी जाए।
- सुनील कुमार, सब डिवीजन इंजीनियर