फरीदाबाद। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन की जिला कमेटी ने सोमवार को अपनी मांगों के समर्थन में सेक्टर-12 में सभा की। इस दौरान बिना स्मार्टफोन दिए जाने तक पोषण ट्रैक एप अनिवार्य न करने की मांग उठाई गई। वहीं उपायुक्त कार्यालय तक प्रदर्शन कर डीडीपीओ को महानिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग पंचकूला के नाम 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।
सीटू के जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने बताया कि आंगनबाड़ी वर्कर्स को जब तक स्मार्टफोन नहीं दिए जाते हैं, तब तक उन पर पोषण ट्रैक एप डाउनलोड करने का दबाव नहीं बनाया जाए। ऑनलाइन काम करने के लिए स्मार्ट फोन के रिचार्ज के लिए 500 रुपये भी दिए जाएं। फोन चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जाए। यूनियन की प्रधान देवेंदी शर्मा ने चेतावनी दी कि जब तक वर्करों को सुविधाएं नहीं मिलेंगी, वर्कर्स ऑफलाइन ही काम करेंगी। इस विषय पर किसी भी अधिकारी का दबाव सहन नहीं किया जाएगा। यूनियन की दूसरी मांग में आंगनबाड़ी वर्कर एवं सहायिकाओं को मानदेय हर महीने की सात तारीख तक दिया जाए। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों का किराया छह महीने से लेकर दो साल तक बकाया शेष है। इसका भुगतान तुरंत किया जाए। आंगनवाड़ी वर्कर व हेल्पर को रिटायरमेंट के सभी लाभ दिया जाए। वहीं इस दौरान अन्य मांगें भी उठाई गईं। सभा का संचालन सचिव मालवती ने किया। इस मौके पर सीटू के जिला प्रधान निरंतर पराशर, जिला सचिव लालबाबू शर्मा, धर्मवीर वैष्णव, सीमा, सुनीता, सुमन, गीता आदि मौजूद रहे।