फरीदाबाद। उपायुक्त ने बुधवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक ली। इस दौरान अधिकारियों को सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों के लिए शुरू की गई तीन प्रकार की योजनाओं के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रगतिशील किसानों व सीएससी संचालकों की वर्कशॉप आयोजित की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी योजना का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए किसानों को अधिक से अधिक प्रेरित करें। सूक्ष्म सिंचाई में तीन योजनाएं शामिल है। पहली योजना के तहत वे किसान शामिल होंगे, जो अपनी कृषि भूमि में शत प्रतिशत सूक्ष्म सिंचाई करने के लिए तैयार हैं व सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) अथवा नहर से सिंचाई कर रहे हैं। दूसरी योजना खेत में तालाब, पाइप, सोलर पंप और सूक्ष्म सिंचाई तकनीक की स्थापना के साथ नहर आधारित परियोजनाओं के लिए है। तीसरी योजना उनके लिए है, जहां सिंचाई के लिए ट्यूबवेल या किसी अन्य स्रोत का उपयोग किया जाता है। बैठक में कार्यकारी अभियंता अरविंद यादव ने योजना के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर सिंह मान, उप निदेशक कृषि डॉ. अनिल कुमार, कार्यकारी अभियंता सिंचाई विभाग राजीव बत्रा आदि मौजूद रहे।