कई प्रॉपर्टी मालिकों ने मौके पर ही 25 लाख रुपये से अधिक की जमा कराई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद ने प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को निगम की टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर कुल 11 प्रॉपर्टी को सील किया। इन पर करीब 60 लाख रुपये से अधिक का टैक्स बकाया था। कार्रवाई के दौरान कई प्रॉपर्टी मालिकों ने मौके पर ही डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) के माध्यम से 25 लाख रुपये से अधिक की राशि निगम को जमा कराई।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने शहरवासियों से अपील की है कि वे समय पर अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करें और फरीदाबाद के विकास में सक्रिय भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि टैक्स से मिलने वाला राजस्व ही शहर में सड़कों, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य जनसुविधाओं के विकास में काम आता है।
निगम आयुक्त ने बताया कि निगम की एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा के नेतृत्व में सभी जोन के क्षेत्रीय और कर अधिकारी प्रॉपर्टी टैक्स वसूली अभियान को देख रहे हैं। बृहस्पतिवार को विभिन्न जोन से कुल 25,38,421 की टैक्स राशि प्राप्त हुई, जबकि 60,47,030 के बकाया धारकों की 11 प्रॉपर्टी सील की गईं।
एनआईटी जोन से सुमन रतरा, ओल्ड जोन से सृष्टि बब्बर और अशोक कुमार ने अपनी टीमों के साथ यह कार्रवाई की। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि शहर में टैक्स अनुशासन कायम रहे और विकास कार्यों के लिए आवश्यक राजस्व सुनिश्चित किया जा सके।