अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने किया काबू , सिर पर फावड़ा मार कर की थी हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नीमका गांव में जमीन के विवाद के दौरान हुए झगड़े में युवक की हत्या करने के मुख्य आरोपी को अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सोहित (28) फरीदाबाद के ही नवादा गांव का रहने वाला है। आरोपी को नीमका गांव से काबू किया गया है।
आरोपी सोहित से पूछताछ में पता चला कि इसे एक अन्य साथी ने कॉल कर घटनास्थल पर बुलाया था। वहां पर रमेश, केशराम व अन्य आरोपी पहले से मौजूद थे। नहरी पानी को लेकर केवेंद्र व हरेंद्र से उनकी कहासुनी हो रही थी। तभी विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। इसी दौरान सोहित ने केवेंद्र के सिर पर फावड़ा दे मारा। जिसके चलते केवेंद्र की मौत हो गई। वारदात के बाद सोहित वहां से भाग गया था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी रमेश व केशराम को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेजा जा चुका है। अब पकड़े गए सोहित को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
मामले में बल्लभगढ़ सदर थाने में एफआईआर 1 नवंबर 2024 को दर्ज हुई थी। नीमका गांव निवासी हरेंद्र ने पुलिस को शिकायत दी थी कि कुछ लोगों ने उनके खेत की नहरी पानी की नाली काट दी थी। वह अपने परिवार के लोगों के साथ नाली बना रहे थे। मौके पर कुछ लोगों ने गाली गलौज व झगड़ा शुरू कर दिया। इसी दौरान केवेंद्र के सिर में फावड़ा मार दिया था जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले में अब तक तीन आरोपियों को पुलिस टीम गिरफ्तार कर चुकी है।