चारी-लोहिना सड़क मार्ग पर हुई लूटपाट की घटना के मामले में एक बदमाश गिरफ्तार, एक दिन के रिमांड पर
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। मुंडकटी थाना पुलिस ने बंचारी-लोहिना सड़क मार्ग पर 29 जुलाई को बाइक सवार युवक से हुई लूटपाट का खुलासा किया है। मामले में पुलिस टीम ने लूटपाट करने वाले आरोपी बदमाश को काबू कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
मुंडकटी थाना प्रभारी तेजपाल ने बताया कि गांव लोहिना निवासी अजय ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 29 जुलाई की रात साढ़े दस बजे वह होडल से अपनी बाइक से बंचारी से अपने गांव लोहिना जा रहा था। इसी दौरान सड़क मार्ग पर अचानक युवक ने उसकी बाइक रोकने का इशारा किया। उसके बाइक रोकते ही दूसरे युवक ने उसके सिर पर कट्टा लगा दिया। दोनों बदमाश उसे पास में बने कोठरे में ले गए, जहां उन्होंने अजय के साथ मारपीट कर उससे 1900 रुपये सहित मोबाइल फोन लूट लिया और बाइक लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। प्रभारी तेजपाल ने बताया कि मामले में पुलिस टीम ने लूटपाट की घटना में शामिल आरोपी बदमाश, गांव उटावड़ निवासी मोहिन को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।