सीता माता से भेंट और लंका दहन तक के प्रसंगों का भावपूर्ण एवं आकर्षक प्रस्तुतीकरण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित श्री श्रद्धा रामलीला कमेटी के मंच पर सोमवार रात हुए मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में राम-शबरी मिलन से लेकर हनुमान की ओर से अशोक वाटिका में सीता माता से भेंट और लंका दहन तक के प्रसंगों का भावपूर्ण एवं आकर्षक प्रस्तुतीकरण किया गया।
राम-शबरी मिलन का दृश्य जहां भक्ति और आस्था से परिपूर्ण रहा। वहीं, राम-हनुमान मिलन ने मंच पर उत्साह का वातावरण बना दिया। इसके बाद हनुमान की सीता माता की खोज और अशोक वाटिका में पहली बार सीता से मुलाकात का दृश्य दर्शकों को गहराई तक छू गया। मंचन का चरमोत्कर्ष तब आया जब हनुमान ने अक्षय कुमार का वध किया, मेघनाथ ने ब्रह्म फांस में बांधकर उन्हें रावण दरबार में ले जाया और अंततः हनुमान ने लंका दहन कर राक्षसों को भयभीत कर दिया।
रामलीला कमेटी की ओर से मंच सज्जा, ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। इससे हर दृश्य और भी प्रभावशाली हो उठा। दर्शकों ने पूरे कार्यक्रम में तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि मंचन में न सिर्फ धार्मिक भावनाओं को जागृत किया बल्कि समाज को सत्य, भक्ति और पराक्रम का संदेश भी दिया।
इन जगहों पर भी हुआ मंचन
श्रीराम धार्मिक एवं सांस्कृतिक समिति स्प्रिंग फील्ड कॉलोनी की ओर से आठवें दिन शबरी के बेर, राम सुग्रीव मित्रता, बाली सुग्रीव युद्ध, बाली वध, हनुमान का लंका में जाना, रावण सीता संवाद, हनुमान का सीता जी से अशोक वाटिका में मिलना आदि लीला का बहुत ही सुंदर ढंग से चित्रित किया गया। रामलीला में पात्रों द्वारा बहुत तालियां बटोरी गईं। वहीं, सेक्टर-3 स्थित रामलीला दशहरा उत्सव के दशरथ मरण, भरत मिलाप, सूर्पणखा नासिक मग का मंचन किया गया। दो एच मार्केट की ओर से जागृति रामलीला कमेटी के ओर से पांचवें दिन लक्ष्मण मूर्छित और कुंभकरण वध का मंचन किया गया।