फरीदाबाद। शहर को यमुना से पेयजल आपूर्ति करने वाली रैनीवेल की लाइन नंबर छह क्षतिग्रस्त हो गई है। इस कारण दो दर्जन इलाकों में पेयजल संकट गहरा गया है। यह संकट चार दिनों तक बरकरार रहेगा। इसमें सेक्टरों के अलावा एनआईटी का क्षेत्र शामिल है। नगर निगम अधिकारियों ने लोगों से धैर्य रखने की अपील की है। लोग पानी की समस्या के लिए निगम के जेई, एसडीओ को फोन कर टैंकर से पानी मंगवा सकते हैं।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से ग्रेटर फरीदाबाद में बारिश के दौरान जमा होने वाली पानी की निकासी के लिए ड्रेनेज लाइन का निर्माण किया जा रहा है। ड्रेनेज के लिए जेसीबी से जा रही खुदाई के दौरान बादशाहपुर सरकारी स्कूल के समीप रैनीवेल की लाइन नंबर छह क्षतिग्रस्त हो गई। नगर निगम के एसडीओ-रैनीवेल नवल सिंह ने बताया कि लाइन नंबर छह से सेक्टर 29, 30, 31, 19, 21, 21ए,बी, सी, डी, सेक्टर 46, 48, एनआईटी एक नंबर, दो नंबर, तीन नंबर, पांच नंबर, डबुआ कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी, सारन, गांधी कॉलोनी, सेक्टर-14, 15, 16, सेक्टर 15ए, सेक्टर-16ए इलाके जुड़े हुए है। लाइन क्षतिग्रस्त होने से संबंधित इलाकों में पानी का संकट हो सकता है। यह समस्या चार दिनों तक बनी रहेगी।
नगर निगम के अधीक्षण अभियंता रवि शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम ने लाइन का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। इस कार्य में लगभग चार दिन का समय लग जाएगा। हमारा प्रयास लाइन की जल्द मरम्मत करने का है। इससे लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।