फरीदाबाद। अरावली की तलहटी में बसी ग्रीन फील्ड कॉलोनी में बुधवार शाम को तेंदुए दिखाई देने के बाद कॉलोनी के लोग दहशत में हैं। वन विभाग की टीम और पुलिस ने काफी देर तक कॉलोनी में तेंदुए की तलाश की, मगर कुछ नहीं मिला। ऐसे में लोगों की घबराहट और चिंता ज्यादा बढ़ गई है।
सूरजकुंड रोड पर बसी ग्रीन फील्ड कॉलोनी अरावली पहाड़ की तलहटी में बसी हुई है। ऐसे में नील गाय, गीदड़ व सियार आदि जीव अक्सर यहां दिखाई दे जाते हैं। ग्रीन फील्ड रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान वीरेंद्र भड़ाना ने बताया कि बुधवार शाम को स्थानीय निवासी नूतन शर्मा के पास काम करने वाले एक व्यक्ति ने बाजार से लौटते समय कॉलोनी के चौक पर तेंदुए जैसे दिखने वाले एक जीव को देखा, जोकि काफी तेजी से दौड़ते हुए सड़क पार कर कॉलोनी में दाखिल हो गया। इस पर उसने घर पहुंच की सारी जानकारी नूतन शर्मा को बताई, जिस पर उन्होंने पुलिस को घटना से अवगत करवाया। पुलिस ने वन विभाग की टीम को सूचना दी और मौके पर बुला लिया। ग्रीन फील्ड कॉलोनी चौकी प्रभारी ने बताया कि वन विभाग की टीम के साथ काफी देर पूरी कॉलोनी में सर्च किया गया, मगर तेंदुआ कहीं दिखाई नहीं दिया। लोगों को सचेत रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा गया है कि यदि दोबारा तेंदुआ दिखाई दे तो पुलिस को फोन कर सूचित करें।