फरीदाबाद। पेरिफेरल सड़क निर्माण में घोटाले के सबूत मिलने के बाद इसका निर्माण कार्य बीच में अटक गया है। निर्माण कार्य बंद होने से बाटा-हार्डवेयर रोड पर शाम होते ही अंधेरा हो जाता है। चौक पर स्ट्रीट लाइट न लग पाने से दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य बीच में रोक देने से डिवाइडर के दोनों ओर ग्रिल तक नहीं लगाई गई है। ग्रिल न लगे होने से रात के अंधेरे में सड़क पैदल पार करने वालों के लिए खतरा बना हुआ है। बाटा-हार्डवेयर मार्ग को पेरिफेरल से जोड़ने के लिए निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद ठेकेदार ने काम को रोक दिया। निर्माण कार्य रुकने से बाटा से हार्डवेयर चौक तक लगने वाली स्ट्रीट लाइट भी अधर में लटक गई हैं। मार्ग पर स्ट्रीट लाइट न लगे होने से पैदल व साइकिल से चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में कई बार स्थानीय लोगों ने निगम को शिकायत भी की है, लेकिन निगम की ओर से कोई सुनवाई नहीं की गई। वहीं नगर निगम के संयुक्त आयुक्त प्रशांत अटकान का कहना है कि सड़क निर्माण की जांच पूरी होने के बाद स्ट्रीट लाइट लगवा दी जाएगी। साथ ही बचा सभी कार्य एक महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।