जिला प्रशासन की ओर से बैनर-पोस्टर हटाने की कार्रवाई खानापूर्ति तक सीमित
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद जिला निर्वाचन कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर लगे राजनेताओं के बैनर, पोस्टर, होर्डिंग चुनाव आचार संहिता की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। वहीं, प्रशासन का दावा है कि बैनर, पोस्टर हटा दिए गए हैं। सोमवार को भी प्रशासन की ओर से कुछ क्षेत्रों में बैनर, पोस्टर हटाए गए। लेकिन यह कार्रवाई भी खानापूर्ति तक सीमित रही।
विधानसभा चुनाव को लेकर शहर में आचार संहिता लागू है। इस दौरान नगर निगम और जिला प्रशासन को शहर में राजनेताओं के बैनर, पोस्टर, होर्डिंग आदि हटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विक्रम सिंह ने सभी अधिकारियों को आदेश जारी किए हैं। बावजूद इसके सरेआम नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। सोमवार को जिला निर्वाचन कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर स्थित सेक्टर-12 से बीपीटीपी को जाने वाली रोड पर जगह-जगह राजनेताओं के बड़े-बड़े होर्डिंग लगे पाए गए। सेक्टर-15 मार्केट के मुख्य द्वार पर एक बड़ा होर्डिंग लगा हुआ मिला। हरियाणा राज्य खेल परिसर और डाउन टाउन मॉल के समीप बड़े-बड़े होर्डिंग देखने को मिले। वहीं प्रशासन ने सोमवार को शास्त्री कॉलोनी, गोपी कॉलोनी, बंगाल सूटिंग सेक्टर-15, सेक्टर-16, पल्ला, इस्माईलपुर रोड़, बसंतपुर, नगर निगम ओल्ड जोन सहित अन्य स्थानों से पोस्टर और बैनरों को हटाया है। लेकिन लघु सचिवालय के आसपास लगे होर्डिंग को हटाने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी विक्रम सिंह ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।