काजल कुमारी
फरीदाबाद। सावन माह में हरिद्वार कांवड़ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रेनों की देरी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में कांवड़िये समय पर पहुंच गए, लेकिन उनकी ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। लक्ष्मीबाई नगर से योग नगरी ऋषिकेश जाने वाली ट्रेन संख्या 14371 और पुरी से हरिद्वार की ओर जाने वाली कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18477) का फरीदाबाद स्टेशन पर आगमन अपने निर्धारित समय से लगभग दो घंटे बाद हो रहा है।
यात्रियों का कहना है कि वे काफी देर से स्टेशन पर मौजूद हैं, लेकिन ट्रेनों के समय की सही जानकारी नहीं मिल पा रही। कई कांवड़िये अपने साथियों के साथ हरिद्वार जा रहें और मौसम की गर्मी तथा भीड़-भाड़ के बीच उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
श्रद्धालुओं ने बताया कि सुबह 9 बजे आने वाली ट्रेन 11:30 बजे पहुंची, जबकि 12:30 बजे आने वाली ट्रेन भी दो से तीन घंटे की देरी से चल रही थी। एक श्रद्धालु ने बताया की हमें बहुत परेशानी हो रही है। इतनी गर्मी में घंटों से स्टेशन पर बैठे हैं और ट्रेन का कोई अता-पता नहीं है। हरिद्वार की ओर बढ़ रहे कांवड़ यात्रियों ने रेलवे से अपील की है कि ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार किया जाए, ताकि उनकी यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी रहे।
वर्जन-
हम सुबह से स्टेशन पर बैठे हैं, लेकिन सुबह 9 बजे आने वाले ट्रेन का कोई पता नहीं है । - योगेश भारद्वाज
हर साल सावन में हम कांवड़ लेने हरिद्वार जाते हैं, लेकिन इस बार ट्रेन की देरी से दिक्कत हो रही है।- राजेंद्र
हमने सोच रखा था कि समय से हरिद्वार पहुंचकर जल भरेंगे, लेकिन अब स्टेशन पर ट्रेन को आने में बेहद देरी हो रही है, इंतजार बहुत मुश्किल हो गया है।- डोरीलाल
कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस का हम 11 बजे से स्टेशन पर इंतजार कर रहे हैं। 2 घंटे बीतने को है ट्रेन का कोई पता नहीं। - राजीव