सेक्टर- 17 की है घटना, पिटाई की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-17 एरिया में एक मकान में काम करने वाली घरेलू सहायिका को पीटने व जातिसूचक शब्द कहने का मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान पर सेक्टर-17 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। मामले में सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है जिसमें मकान मालकिन घरेलू सहायिका को पीटते हुए साफ नजर आ रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में जांच चल रही है।
घरेलू सहायिका को पीटने की ये घटना 16 और 17 जून की बताई गई है। जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी अब व्हाट्सएप ग्रुपों पर वायरल हो रही है। पीड़ित घरेलू सहायिका मूलरूप से यूपी के जिला जालौन निवासी श्यामा देवी ने सेक्टर 17 थाना पुलिस को शिकायत दी है। इनका कहना है कि ये करीब पिछले ढाई साल से सेक्टर-17 निवासी तरुण जैन के घर खाना बनाने का काम करती हैं। मकान की पहली मंजिल पर तरुण कुमार जैन का परिवार रहता है जबकि ऊपरी मंजिल पर सौरभ जैन पत्नी दीपाली जैन के साथ रहते हैं।
घरेलू सहायिका ने आरोप लगाया कि 16 जून को वह किसी जरूरी काम से बाजार गई थी। जब वह लौटी तो दीपाली जैन अपनी पहली मंजिल की बालकनी में खड़ी थी। आरोप है कि अचानक से दीपाली जैन ने उसे बगैर किसी बात के गाली दी। घरेलू सहायिका ने गाली देने का विरोध जताया तो जातिसूचक शब्द कहे। शोर सुनकर उनके परिवार के सदस्य आ गए और उन्हें शांत करा दीपाली जैन को अपने साथ लेकर ऊपर चले गए।
घरेलू सहायिका का कहना है कि 17 जून को सुबह करीब 10:30 बजे दीपाली जैन का चालक घर आया। गलती से उसने पहली मंजिल की बजाय ग्राउंड फ्लोर की घंटी बजा दी। श्यामा देवी ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले तरुण जैन के यहां भी काम करती है और गेट खोलने में उसे थोड़ी देर हो गई। इसी बात पर दीपाली जैन आग बबूला हो गई और सीढ़ियों से चिल्लाती हुई नीचे आई। जैसे ही श्यामा देवी तरुण जैन के ग्राउंड फ्लोर के कमरे से बाहर निकली, दीपाली जैन ने थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। फिलहाल महिला की शिकायत पर सेक्टर 17 थाना पुलिस ने दीपाली जैन के खिलाफ मारपीट, एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।