फरीदाबाद। सेक्टर-46 में एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट के घर का दरवाजा तोड़कर घुसे चोरों ने करीब सात लाख रुपये की नकदी और जेवर चोरी कर लिए। पड़ोसी की सूचना पर वह अलवर से यहां अपने घर पहुंचे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सेक्टर-46 स्थित मकान नंबर 106 निवासी अगम दयाल राजस्थान के अलवर स्थित आरटीसी एसएसबी में डिप्टी कमांडेंट हैं। परिवार के साथ वहीं पर रहते हैं।
फरीदाबाद स्थित उनके मकान में ताला लगा है। इस दौरान किसी समय चोरों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। दरवाजा तोड़कर चोर घर से नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। बृहस्पतिवार दोपहर उनके पड़ोसी देशवाल ने उनके मकान का दरवाजा टूटा हुआ देखा तो तत्काल फोन कर इसकी सूचना अगम दयाल को दी। सूचना मिलने के बाद वह अलवर से अपने आवास पर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि नकदी-जेवर सहित करीब सात लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। डिप्टी कमांडेंट की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।