बल्लबगढ़ गांव बनी झोपड़ी में लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी ।
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। शहर में अलग अलग हुई आग की घटना में लाखों का माल जलकर राख हो गया, जबकि तीन मवेशी जिंदा जल गए। फायरब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर जाकर आग को काबू किया।
जिला अग्निशमक अधिकारी आरएस दहिया ने बताया कि बुधवार रात बड़खल के परसोन मंदिर के पास एक झुग्गी में आग लग गई। घटना में किसी जान माल का नुकसान नहीं हुआ। एनआईटी जोन से एक गाड़ी ने जाकर आग पर काबू किया। वहीं, बड़खल क्षेत्र के गुरुग्राम फरीदाबाद रोड स्थित जमाई कॉलोनी में एक गाड़ी रिपेयरिंग वर्कशॉप में आग लग गई। बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे शार्ट सर्किट के कारण यहां आग लगनी शुरू हुई थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। वर्कशॉप में रिपेयरिंग के लिए आई कुछ गाड़ियों को भी नुकसान हुआ है।
तीन गाड़ियों ने मौके पर जाकर आग पर काबू पाया। बृहस्पतिवार दोपहर में मोहना के पास स्थित घरौंडा गांव में एक पशुशाला में आग गई। मामले की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तीन मवेशी (भैंस) आग में जलकर मर चुके थे। लोगों ने आग पर काबू करने की काफी कोशिश की लेकिन पशुओं को बचा नहीं पाए।