मृतक आरोपियों के साथ मकान में सटरिंग लगाने का करता था काम
बीपीटीपी थाना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शराब पीने के दौरान खाना बनाने को लेकर हुई कहासुनी में दो लोगों ने मिलकर चाचा-भतीजे को लोहे की पाइप से पीट दिया। दोनों को सिर में चोट लगी। धर्मबीर ने तो पास के डाक्टर से सिर की चोट का इलाज करा लिया। लेकिन उसके चाचा छोटेलाल ने अधिक शराब के नशे में होने के चलते इलाज नहीं कराया और वहीं सो गया। रविवार दोपहर खाना देने के लिए उसे जगाया तो छोटेलाल की मौत हो चुकी थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि बीपीटीपी थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी है।
पुलिस को ये शिकायत यूपी बरेली के साही गांव निवासी धर्मबीर ने दी है। ये फिलहाल सेक्टर-82 में एक साइट पर सटरिंग लगाने का काम करते हैं। इनके चाचा छोटेलाल, पप्पू व मुनीश भी यहां पर काम करते हैं। आरोप है कि शनिवार शाम लगभग 6 बजे सभी साइट पर डाली गई झुग्गी में बैठकर शराब पी रहे थे। खाना बनाने को लेकर इनमें आपस में कहासुनी व गाली-गलौज हो गई। तभी पप्पू व मुनीश ने गुस्से में धर्मबीर व इसके चाचा छोटेलाल को लोहे की पाइप से पीटना शुरू कर दिया। जिससे दोनों को सिर में चोट लगी।
धर्मबीर ने तो सिर की चोट का इलाज पास के ही एक डॉक्टर से करा लिया। जबकि छोटेलाल ने अधिक नशे में होने के चलते इलाज नहीं कराया। रविवार दोपहर धर्मबीर अपने चाचा को खाना देने के लिए झुग्गी में गया तो काफी जगाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। राजन व धर्मबीर ने छोटेलाल को उठाया और ऑटो से बीके अस्पताल लेकर आए तो यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि पप्पू व मुनीश ने ही लोहे की पाइप से पीटकर हत्या कर दी है।
बीके अस्पताल से सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां मेडिकल रिपोर्ट व धर्मबीर के बयान लेकर बीपीटीपी थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में रविवार देर शाम एफआईआर दर्ज की गई।