नवाचार, एआई और कौशल-आधारित शिक्षा पर केंद्रित रहा निरीक्षण, उपायुक्त भी रहे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के आयुक्त विकास गुप्ता ने सोमवार को एनआईटी दो स्थित पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और एनआईटी-तीन स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर तीन का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण और शैक्षणिक गुणवत्ता के आकलन के उद्देश्य से किया गया। निरीक्षण में उनके साथ उपायुक्त डीसी आयुष सिन्हा भी मौजूद रहे।
आयुक्त विकास गुप्ता और डीसी आयुष सिन्हा ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं तकनीकी दक्षता की सराहना की। विद्यार्थियों ने थ्रीडी प्रिंटर से निर्मित मां सरस्वती की प्रतिमा प्रस्तुत की, जो आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कृति का सुंदर समन्वय प्रदर्शित करती है। इसके अतिरिक्त फ्रूटू स्कैन नामक फूड सेग्रीगेशन मशीन, ऊष्मा को विद्युत ऊर्जा में परिवर्तित करने वाला मॉडल तथा स्पोइल अलर्ट नामक लघु स्मार्ट फ्रिज का प्रदर्शन किया गया।
केंद्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त विकास गुप्ता ने स्कूल के शिक्षकों के साथ आयोजित बैठक सत्र में पीएम श्री योजना के उद्देश्यों समग्र विकास, कौशल-आधारित शिक्षा, ग्रीन स्कूल अवधारणा, डिजिटल संसाधनों का उपयोग और 21वीं सदी के कौशल पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वित्तीय प्रबंधन, अनुदान उपयोग और ट्रेजरी स्तर पर बिल स्वीकृति से संबंधित तकनीकी समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि इन विषयों को उच्च स्तर पर संज्ञान में लिया जाएगा।
विद्यालय प्रशासन ने अवगत कराया कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत लैब उपकरणों की उपलब्धता, पुस्तकालय में नई पुस्तकों का समावेश, खेल सामग्री, एडवेंचर कैंप एवं शैक्षणिक भ्रमण जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और नामांकन दोनों में वृद्धि हुई है। कई शिक्षकों ने यह भी बताया कि पीएम श्री योजना के बाद विद्यालय में कंप्यूटर साइंस, ब्यूटी एंड वेलनेस, होम साइंस जैसे विषयों में छात्रों की रुचि बढ़ी है। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर केवीएस आरओ गुरुग्राम वरण मित्रा, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला, सीएमजीजीए देव वत्स और शारिका, पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्राचार्य विक्रम विवेक, केंद्रीय विद्यालय प्राचार्या भारती कुक्क़ल, ममता शेखर, सतीश चौधरी, अनिल कुमार यादव, राज कुमार बंसल, ईश्वर चंद, वीर सिंह सहित अन्य कई अध्यापकगण मौजूद रहे।