मोदीनगर में 8 से 12 जनवरी तक आयोजित की गई थी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। उत्तर प्रदेश के मोदीनगर में 8 से 12 जनवरी तक आयोजित अस्मिता राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में हरियाणा की बेटी कोमल भाटी ने शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। साहूपुरा खादर गांव की रहने वाली कोमल भाटी ने प्रतियोगिता में यूथ वर्ग में स्वर्ण पदक, जबकि जूनियर और सीनियर वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच कोमल भाटी का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। कठिन मुकाबलों के बावजूद कोमल ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर तीन अलग-अलग वर्गों में पदक जीतकर एक नई मिसाल कायम की। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरा गांव, जिला और हरियाणा प्रदेश गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
प्रतियोगिता से लौटकर जब कोमल भाटी अपने गांव साहूपुरा खादर पहुंचीं तो ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ फूलमालाएं पहनाकर और आशीर्वाद देकर कोमल का अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों ने कोमल को गांव की शान बताते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। इस मौके पर कोमल भाटी के पिता दुर्गेश भाटी ने भावुक होते हुए कहा कि मेरी बेटी किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं है।