उड़ीसा में हुई ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जीता था कांस्य
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हाल ही में उड़ीसा के कटक में संपन्न हुई राष्ट्रीय स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाली जिले की कायरा का भव्य स्वागत किया गया। कायरा की कोच शशिबाला और अन्य लोगों ने फूल माला पहनाकर जोर-शोर से उनका सम्मान किया।
कायरा के पिता योगेश और कोच शशिबाला ने बताया कि कायरा महज 4 साल की उम्र से ही ताइक्वांडो का प्रशिक्षण ले रही हैं। महज 9 साल की उम्र में ही कायरा कई राज्य और जिला स्तरीय पदक अपने नाम कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि सिर्फ 7 साल की आयु में वह कानपुर में हुए राष्ट्रीय स्तरीय खेलों में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहीं थीं। अब उड़ीसा में उसने पदक जीतकर वह सूखा भी खत्म कर दिया। कायरा ने बताया कि पदक जीतकर सम्मानित होने पर बेहद खुशी हो रही है। आगामी मुकाबलों में और अच्छा प्रदर्शन करने पर निगाहें रहेंगी।