फरीदाबाद। उपायुक्त जितेंद्र यादव ने कहा कि 20 से 22 मई तक आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के सभी खिलाड़ी ब्रांड एंबेसडर होंगे और भावी खिलाड़ियों के लिए एक रोल मॉडल के तौर पर जागरूक करेंगे। उपायुक्त ने सोमवार को अपने कार्यालय में खेल महोत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की।
उपायुक्त ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के लिए शहरी क्षेत्रों व ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इसके लिए जागरूकता वैन गांव-गांव जाएगी और खिलाड़ियों को सांसद खेल प्रतियोगिता में अधिक से अधिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव में जो भी टीमें अथवा खिलाड़ी शामिल होना चाहते हैं, उनके लिए हडल एप पर रजिस्ट्रेशन करवाना आवश्यक होगा। 15 मई तक पंजीकरण करा सकते हैं। खेल महोत्सव में टीमों की इंट्री फीस 500 रुपये और एकल खेल की इंट्री फीस 200 रुपये हैं। प्रतियोगिता में फरीदाबाद और पलवल के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता से आम जन को जोड़ने के लिए 14 मई को सेक्टर-12 खेल परिसर से मैराथन का आयोजन भी किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम विजेता टीम को 31 हजार, दूसरे को 21 हजार व तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 11 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। वहीं, एकल खेल में प्रथम विजेता खिलाड़ियों को क्रमश: 5100, दूसरे खिलाड़ी को 3100 व तीसरे विजेता खिलाड़ी को 2100 रुपये इनाम दिया जाएगा।