वतन को जानो कार्यक्रम के तहत 6 जिलों के 132 कश्मीरी युवा 8 से 13 जनवरी तक फरीदाबाद आएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की ओर से वतन को जानो पांचवें कश्मीरी युवा आदान प्रदान कार्यक्रम के तहत 6 जिलों के कश्मीरी युवा फरीदाबाद आकर कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। 18 से 22 वर्ष के सभी युवा यहां हरियाणा की संस्कृति, खानपान से रूबरू होंगे। 8 से 13 जनवरी तक भूपानी स्थित सतयुग दर्शन इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में इन युवाओं का आगमन होगा। ये दो दिन भ्रमण भी करेंगे।
नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक ने बताया कि माय भारत नेहरू युवा केंद्र युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से कश्मीर के 6 जिलों श्रीनगर, बड़गांव, अनंतनाग, पुलवामा, कुपवाड़ा और बारामूला के 132 प्रतिभागी फरीदाबाद में रहेंगे। इनमें 120 संभागी एवं दो- दो टीम लीडर हैं। इस दौरान फरीदाबाद एवं हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत एवं खानपान ,रहन-सहन को समझने और कश्मीरी संस्कृति के संबंध में युवाओं से चर्चा परिचर्चा की जाएगी।
एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत कार्यक्रम में कश्मीरी युवाओं के अनुभव साझा करना और उनके विकास के लिए विशेष सशक्तीकरण और राष्ट्रीय निर्माण में हिस्सा लेने के लिए आगे बढ़ने का रास्ता जैसे विषय पर सत्र में हिस्सा लेंगे। वहीं, उद्यमिता, कौशल विकास और कॅरिअर मार्गदर्शन पर सत्र में भी हिस्सा लेंगे। 6 दिन के अंतर्गत चार दिन सतयुग दर्शन कॉलेज में कार्यक्रम होंगे, दो दिन फरीदाबाद एवं दिल्ली के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी करेंगे।
कश्मीर में पर्यटन पर चर्चा करेंगे विशेषज्ञ
9 जनवरी को प्राचार्य डॉ. विवेक बाल्यान कश्मीर घाटी के मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे। डॉ. सपना सहायक प्रोफेसर वाईएमसीए यूनिवर्सिटी कॅरिअर संबंधी मार्गदर्शन करेंगी। डॉ. सुनील शर्मा प्रधानाचार्य गवर्नमेंट कॉलेज खेड़ी गुजरान भारत विकसित भारत 2047 चर्चा करेंगे।