संशोधित- एशियाई चैंपियनशिप में पलवल के कपिल बैंसला का गोल्ड, गांव में जश्न
-आज पलवल पहुंचेंगे कपिल, गाजे-बाजे के साथ निकलेगी विजयी यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। कजाकिस्तान के शायमकेंट में चल रही 16वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाने वाले पलवल जिले के मुनीरगढ़ी गांव के कपिल बैंसला ने पूरे देश का नाम रोशन किया है। कपिल ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में 243.0 अंक जुटाकर गोल्ड और एक रजत पदक अपने नाम किया। गांव में कपिल की जीत की खबर मिलते ही जश्न का माहौल है। ग्रामीण मिठाइयां बांट रहे हैं और ढोल-नगाड़ों की धुन पर खुशी जाहिर कर रहे हैं। 21 अगस्त को कपिल के लौटने पर भव्य स्वागत और गाजे-बाजे के साथ विजयी यात्रा निकालने की तैयारियां जोरों पर हैं।
कपिल के दादा श्यामबीर बैंसला ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि बचपन में ईंट-पत्थरों से निशाना साधने वाला पोता आज देश के लिए स्वर्ण जीतकर लौटा है। उन्होंने विश्वास जताया कि कपिल 2028 ओलंपिक में भी भारत का नाम रोशन करेगा। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले कपिल के पिता सुभाष बैंसला खेती करते हैं और मां ओमवती गृहिणी हैं।
सीएम ने दी बधाई
16वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में देश का नाम रोशन करते हुए गोल्ड मेडल जीतने वाले पलवल के होनहार बेटे कपिल बैंसला से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फोन पर बात की। सीएम ने कपिल और उनके परिवार को बेटे के शानदार प्रदर्शन पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।