सालासर शूटिंग अकादमी में हुआ प्रतियोगिता का समापन, करीब 650 निशानेबाजों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सालासर शूटिंग अकादमी में बुधवार को सेकंड वीरा स्पोर्ट्स शूटिंग चैंपियनशिप का समापन हुआ। प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे करीब 650 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने भी निशाना साधा। मेंस वर्ग में कपिल बैसला ने 583 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं लखन प्रताप 581 अंक के साथ दूसरे और अनमोल जैन 581 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। सचिन भाटी 580 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे।
जूनियर मेंस वर्ग में गौरव कुमार ने 579 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। प्रतीक 575 अंक के साथ दूसरे, निश्चय राव 574 अंक के साथ तीसरे और विशाल चौधरी 569 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे। वुमेंस वर्ग में रितिका ने 572 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। मानसी आनंद दूसरे और तेजल पराशर तीसरे स्थान पर रहीं। जूनियर वोमेंस में प्रेरणा मावी ने 574 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। मुस्कान दूसरे और अरुषि लाठवाल तीसरे स्थान पर रहीं।
समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को विक्टोरा टूल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर सत्येंद्र बांगा ने पुरस्कृत किया। इस दौरान वीरा स्पोर्ट्स फेडरेशन के अध्यक्ष धर्म सिंह डागर, केंद्रीय फाइनेंस एडवाइजर अरुण लांबा और आयोजक विकास डागर मौजूद रहे। प्रतियोगिता में वर्ल्ड कप गोल्ड मेडलिस्ट कपिल बैसला और एशिया गोल्ड मेडलिस्ट अनमोल जैन ने भी हिस्सा लिया और पदक जीते।