आदर्श नगर स्थित सुभाष कॉलोनी की गली नंबर-2 की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। आदर्श नगर स्थित सुभाष कॉलोनी की गली नंबर-2 में कहासुनी के बाद जूस विक्रेता और उसके परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑटो की टक्कर का विरोध करने पर ऑटो चालक ने साथियों के साथ मिलकर युवक और उसके परिजनों पर लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया।
घटना में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जबकि घर को भी नुकसान पहुंचा है। मामले की शिकायत थाना आदर्श नगर पुलिस को दे दी गई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सुभाष कॉलोनी गली नंबर-2 निवासी संदीप ने बताया कि वह इलाके में जूस की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। रविवार देर शाम वह रोजाना की तरह अपनी रेहड़ी लेकर घर लौट रहे थे। गली में रहने वाले ऑटो चालक ने पीछे से उनकी रेहड़ी में टक्कर मार दी। संदीप के अनुसार जब उन्होंने इसका विरोध किया तो ऑटो चालक गाली-गलौज करने लगा और देखते ही देखते उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। संदीप ने आरोप लगाया कि शोर सुनकर ऑटो चालक ने अपने घर के अन्य लोगों और साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान संदीप के माता-पिता, भाई, पत्नी और बहन उन्हें बचाने के लिए बाहर आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर घर के बाहर खड़ी रेहड़ी और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।