सोमवार को वीसी के जरिये पेश किया गया, 2 मार्च को हैंड ग्रेनेड के साथ पकड़ा गया था
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बांस रोड पाली से दो हैंडग्रेनेड व डेटोनेटर के साथ गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान की न्यायिक हिरासत जिला अदालत ने 19 मई तक बढ़ा दी है। सोमवार को जिला अदालत में वीडियो कांफ्रेंसिंग (वीसी) के जरिये संदिग्ध आतंकी को पेश किया गया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ज्योति लांबा की अदालत ने उसकी न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए आगे बढ़ा दी है। चालान पेश होने तक आरोपी की न्यायिक हिरासत बढ़ने का सिलसिला जारी रहेगा।
बांस रोड पाली से संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान (19) को 2 मार्च को पलवल एसटीएफ, गुजरात एटीएस की टीम ने काबू किया था। इसके पास से दो हैंड ग्रेनेड व डेटोनेटर मिले थे जिन्हें निष्क्रिय किया गया। जांच में पता चला कि अब्दुल रहमान अलकायदा इन इंडियन सब-कांटिनेंट (एक्यूआईएस) के कुख्यात आतंकी अबू सूफियान के संपर्क में था। अबू सूफियान ने ही अपना हैंडलर भेजकर बांस रोड स्थित खेत के पास गड्ढा खुदवाकर जमीन में दो हैंडग्रेनेड के साथ ही डेटोनेटर भी छुपाए थे। अब्दुल रहमान को ये छुपाने के स्थान की लोकेशन दी गई थी, जिसके बाद आतंकी यहां पहुंचा और गड्ढे की मिट्टी हटाकर ये सामान वाला पैकेट उसने निकालकर अपने बैग में रख लिया था। अब्दुल रहमान को ये सामान लेकर 4 मार्च को वापस अयोध्या पहुंचना था। लेकिन यहां की लोकेशन व आरोपी की फोटो मिलने पर उसे काबू कर लिया गया। मामले में एसटीएफ की जांच अभी चल रही है। लेकिन एसटीएफ अभी तक अब्दुल रहमान को यहां पर हैंड ग्रेनेड व अन्य सामान मुहैया कराने वाले स्लीपर सेल तक नहीं पहुंच सकी है।