35 दिन में 16,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी ऑल इंडिया रोड सेफ्टी अवेयरनेस राइड
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ऑल इंडिया रोड सेफ्टी अवेयरनेस राइड की शुरुआत शनिवार को ट्रैफिक थाना फरीदाबाद से की गई। इस राइड को एसीपी ट्रैफिक विकास कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राइड का उद्देश्य देशभर में लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और ट्रैफिक नियमों के पालन का महत्व समझाना है।
यह राइड करीब 35 दिनों में भारत के सभी राज्यों से गुजरते हुए लगभग 16,000 किलोमीटर की दूरी तय कर दिल्ली लौटेगी। अभियान का आयोजन पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश व डीसीपी ट्रैफिक जयवीर राठी के मार्गदर्शन में किया गया। राइड का नेतृत्व बाइकर्स यश मेहंदीरत्ता, गौरव, अमजद और संदीप ने किया। जबकि अन्य राइडर्स अमित, पंकज, कुलदीप तथा जयदीप और अशोक जैसे समर्थकों ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी दिखाई।
इंडिपेंडेंट राइडर्स ग्रुप के सदस्य यश मेहंदीरत्ता और रीत मेहंदीरत्ता ने कहा कि हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और ट्रैफिक नियमों का पालन करना, सिर्फ नियम नहीं बल्कि जीवन की रक्षा के उपाय हैं।
एसीपी ट्रैफिक विकास कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा सिर्फ नियमों की बात नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे केवल पुलिस को देखकर नहीं, बल्कि स्वयं की और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करें। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित राइडर्स और सहभागियों ने शपथ अपनी जिंदगी के नाम ली, जिसमें उन्होंने हर स्थिति में ट्रैफिक नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।