फरीदाबाद। अरावली की पहाड़ियों में अवैध रूप से बने फार्म हाउस पर कार्रवाई करने पहुंचा वन विभाग व नगर निगम का दस्ते को फिर से थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां 90 में से 6 फार्म हाउस की चारदिवारी गिराई। इसके बाद एक फार्म हाउस मालिक ने दस्तावेज ठीक नहीं दिखाए। पूछताछ करने पर कहासुनी करने लगा। इस पर संयुक्त आयुक्त नाराज हो गए और उन्होंने उसको एक थप्पड़ जड़ दिया और अपनी टीम से बोले जरा मेरा डंडा तो लाओ।
दरअसल, एक बार फिर पूरा दस्ता खानापूर्ति करके लौट आया। दस्ते ने पहाड़ में अंदर तक बने हुए छह फार्म हाउस की चारदीवारी तोड़ी और लौट आया, जबकि वन विभाग के पास ऐसे करीब 90 फार्म हाउस की सूची है, जिसमें कार्रवाई करनी है। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट नगर निगम के संयुक्त आयुक्त प्रशांत अटकान ने एक फार्म हाउस मालिक के साथ हुई कहासुनी के दौरान उसे थप्पड़ जड़ दिया। संयुक्त आयुक्त ने उस व्यक्ति के खिलाफ अनखीर चौकी पुलिस को सरकारी काम में बाधा पहुंचाने की शिकायत दी है।
अरावली में अवैध रूप से बन रहे फार्म हाउसों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पिछले दिनों जिला उपायुक्त यशपाल यादव ने वन विभाग को आदेश दिए थे। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के संयुक्त आयुक्त प्रशांत अटकान को बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया था। कार्रवाई से पहले वन विभाग ने सर्वे कर करीब 45 फार्म हाउस सहित 90 अवैध निर्माण चिन्हित किए थे।
बृहस्पतिवार को नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता वन विभाग व नगर निगम के अधिकारियों के नेतृत्व में अनखीर चौक पहुंचा, जहां पहले से ही भारी पुलिस बल मौजूद था। पुलिस बल के साथ दस्ते ने पहाड़ में अवैध रूप से बने फार्म हाउस पर कार्रवाई शुरू की, मगर दिखावे के लिए उनकी चारदीवारी गिराई और आगे बढ़ गए।
टीम को दिखाए नकली दस्तावेज
इस दौरान एक फार्म पर कार्रवाई के दौरान उसके मालिक ने संयुक्त आयुक्त प्रशांत अटकान को कुछ दस्तावेज दिखाए। संयुक्त आयुक्त ने वह दस्तावेज देखने के बाद उन्हें नकली बताते हुए दस्ते को कार्रवाई के आदेश दिए। इस पर वह व्यक्ति उनके साथ बहस करने लगा और यहां तक कह दिया कि नगर निगम के अधिकारी पैसे खाने के लिए यह सब कर रहे हैं। इस पर संयुक्त आयुक्त ने उस व्यक्ति को थप्पड़ जड़ दिया। इतना ही नहीं उन्होंने अपना कोट उतार दिया और कहा कि मेरा डंडा लेकर आओ...।
वहां मौजूद कार्यकारी अभियंता ओमबीर सिंह ने मौके की नजाकत को देखते हुए उन्हें शांत किया और साइड ले गए। शाम चार बजे तक दस्ते ने पहाड़ में अंदर तक बने हुए छह फार्म हाउस की चारदीवारी गिराई और वापस लौट आया। नगर निगम व वन विभाग की कार्रवाई के साथ ही खनन विभाग को वहां पत्थरों को कब्जे में ले लेना चाहिए। ताकि फार्म हाउस मालिक व संचालक उससे निर्माण न कर सकें।
वन विभाग और नगर निगम के दस्ते ने छह फार्म हाउस पर कार्रवाई की, जबकि दो पर पिछले दिनों कार्रवाई की गई थी। एक साथ सभी पर कार्रवाई करना संभव नहीं है। यह कार्रवाई आगे जारी रहेगी। - सुरेश पूनिया, जिला वन अधिकारी
उस व्यक्ति ने जो दस्तावेज दिखाए थे, वे ठीक नहीं थे। इस पर दस्ते को कार्रवाई के लिए कहा गया था, मगर वह अभद्रता करने लगा। उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी है और एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा गया है।
- प्रशांत अटकान, संयुक्त आयुक्त नगर निगम