फरीदाबाद। कहने को पूरे देश में डिजिटल इंडिया का संदेश दिया जा रहा है लेकिन सूरजकुंड के अंतरराष्ट्रीय मेले में खराब नेटवर्क ग्राहकों के लिए मुसीबत बन गया है। बड़ी कीमत की खरीदारी करने वालों के लिए सबसे ज्यादा परेशानी का सबब है। ई-पेमेंट के ऐप काम नहीं कर रहे हैं।
स्टॉल संचालकों का कहना है कि वह ई-पेमेंट के साथ ऑनलाइन मार्केटिंग को बढ़ावा देना चाहते हैं लेकिन नेटवर्क की समस्या के कारण वह ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। कई लोग विदेशों तक अपना व्यापार बढ़ाने की उम्मीद में सूरजकुंड स्टॉल लगाने पहुंचे थे। नेटवर्क समस्या के कारण महज विजिटिंग कार्ड से ही डिजिटल प्लेटफॉर्म तक अपनी पहुंच और ई-मार्केटिंग के बारे में बता पा रहे हैं। कुछ ही स्टॉल ऐसे हैं जो नेटवर्क सर्विस मिलने पर ई-पेमेंट कर पा रहे हैं।
हिमाचल राज्य से स्टॉल नंबर 480 पर सुशील बताते हैं कि पेटीएम कभी-कभी काम करता है। इससे एक या दो दफा ही पेमेंट हो पाया है। स्टॉल नंबर 468 पर मनीष भाई कैश पेमेंट में ही विश्वास रखते हैं। वह बीते 15 साल से मेले में फुलकारी के काम किए कपड़ों का स्टॉल लगा रहे हैं। बताते हैं कि यहां नेटवर्क की समस्या तो आती ही है।
इसके लिए ग्राहकों को छोड़ा नहीं जा सकता। इसी प्रकार जूते-चप्पल की ज्यादातर स्टॉल पर भी लोगों कोे भुगतान करने में दिक्कत आई। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से आए कालीनों के कई व्यवसायियों के पास भी ईपेमेंट ऐप काम नहीं कर रहे थे। इससे उनके बड़े ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।