- फरीदाबाद विधानसभा से निशा बाल्मीकि व एनआईटी से करामत अली लड़ेंगे चुनाव
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जेजेपी-एएसपी गठबंधन ने बुधवार को जिले से दो प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इनमें ओल्ड फरीदाबाद सीट और एनआईटी फरीदाबाद सीट से प्रत्याशियों को उतारा गया है। गठबंधन की ओर से फरीदाबाद से निशा बाल्मीकि और एनआईटी विधानसभा से हाजी करामत अली को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
जननायक जनता पार्टी (जजपा) के हिस्से में एनआईटी विधानसभा सीट आई है। यहां से जजपा ने हाजी करामत अली (40) को प्रत्याशी बनाया है। वह करीब 15 वर्षों से राजनीति में हैं। इससे पूर्व वह बहुजन समाज पार्टी में रहे हैं। करामत अली 2019 में बसपा की टिकट पर एनआईटी विधानसभा से चुनाव लड़ा था और तीसरे नंबर पर रहे थे। उन्हें 17,574 वोट मिले थे। चुनाव के कुछ समय बाद वे जजपा में आ गए थे। अब पार्टी ने उन्हें एनआईटी विधानसभा से टिकट देकर चुनावी मैदान में उतार दिया है। 10वीं तक पढ़े करामत अली व्यापारी हैं।
गठबंधन के तहत फरीदाबाद विधानसभा सीट आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के हिस्से में आई है। यहां से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की ओर से युवा चेहरे निशा बाल्मीकि (34) को चुनावी मैदान में उतारा गया है। ओल्ड फरीदाबाद के बाढ़ मोहल्ला में रहने वाली निशा 2017 में नगर निगम पार्षद का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। निशा स्नातक हैं और पिछले 10 वर्षों से समाजसेवा से जुड़ी हैं। अब एएसपी के टिकट पर वह चुनावी मैदान में उतरी हैं।