फरीदाबाद। प्रेम नगर झुग्गी, सेक्टर-8 में चोर शिक्षिका के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल और लैपटॉप चोरी कर ले गए। शिक्षिका जब घर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर कमरे में अलमारी और सूटकेस का सामान बिखरा पड़ा था।
चोरी का पता चलने पर उन्होंने मामले की शिकायत सेक्टर-8 चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में चेतना ने बताया कि वह अपने पति रविन्द्र के साथ प्रेम नगर झुग्गी, सेक्टर-8 में रहती हैं। वह एक निजी स्कूल में अध्यापिका हैं। 11 सितंबर को वह घर पर ताला लगाकर अपनी मां के घर सेक्टर-55 स्थित जीवन नगर पार्ट-2 गई थीं। उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटीं तो मकान का ताला टूटा हुआ था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-8 चौकी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। संवाद