फरीदाबाद। कोरोना की वजह से जेसी बोस विवि ने ऑनलाइन परीक्षाओं का संचालन रद्द कर दिया है। महर्षि दयानंद विवि (एमडीयू) ने भी परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है।
उच्च शिक्षा विभाग और तकनीकी शिक्षा विभाग ने शिक्षण संस्थानों को परीक्षाएं रद्द करने या फिर ऑनलाइन परीक्षा आयोजन का सुझाव दिया था। अंतिम फैसला विवि पर छोड़ दिया गया था। विभाग की ओर से 23 जून को जारी सुझाव पर जेसी बोस विवि और एमडीयू ने अमल करते हुए परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। एमडीयू ने अधिसूचना जारी कर छात्रों को प्रोन्नत करने के लिए सरकार के निर्देशों को मानने की बात कही है। ऐसे में कॉलेजों को आंतरिक मूल्यांकन और पूर्व परीक्षाओं में प्राप्तांक के 50-50 फीसदी अंक देकर प्रोन्नत किया जाएगा। जिले के कुल 10 कॉलेजों में पढ़ने वाले करीब 30 हजार छात्रों को इसका लाभ मिलेगा।
एमडीयू की ओर से परीक्षाएं रद्द करने के आदेश मिले हैं। जुलाई में अंतिम वर्ष के छात्रों की परीक्षाएं आयोजित होनी थी। अब निर्देश अनुसार छात्रों की प्रोन्नती पर विचार जारी है। - डॉ. सुनिधि, प्राचार्या, राजकीय महाविद्यालय
जेसी बोस विवि में ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित होनी थी। परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। विद्यार्थियों को राज्य सरकार की गाइडलाइंस अनुसार प्रोन्नत किया जाएगा। - दिनेश कुमार, कुलपति, जेसी बोस विवि