बल्लभगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जेसीबी कंपनी के पास बने रेलवे ओवर ब्रिज पर आत्महत्या करने के लिए चढ़ी महिला को हवलदार और राहगीरों की सूझबूझ से सकुशल जिंदा बचा लिया गया।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे एक महिला जेसीबी कंपनी के पास बने रेलवे ओवरब्रिज से नीचे कूदने के लिए चढ़ी। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों ने ब्रिज के पास बनी बस अड्डा चौकी में सूचना दी। हालांकि यह ब्रिज थाना आदर्शनगर के इलाके में आता है, लेकिन मामला गंभीर जानकर हवलदार धर्मेंद्र मौके पर पहुंच गए। मौके पर जाकर हवलदार ने महिला को बातों में उलझाकर ब्रिज की दीवार से नीचे उतार लिया। इसके बाद उसको तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त है। बस अड्डा चौकी पुलिस ने थाना आदर्शनगर को सूचना दे दी है। आत्महत्या के कारणों का पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है।