वर्ष 2014 में द कपिल शर्मा शो में अभिनय करते जतिन्द्र सूरी
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद (दुर्गेश झा)। जब कॉलेज में था, लंबे, हट्टे-कट्टे कद वाले दोस्तों को देख, मन में कसक सी रहती थी, काश मैं भी लंबे कद का होता। स्मार्ट लगता, फौज या पुलिस में नौकरी पाना आसान रहता। मन में कई सवाल उठ रहे थे। छोटा कद कहीं कमजोरी न जाए, इसकी चिंता रहती थी। एक दिन मन में ठाना कि क्यों न एक्टिंग की राह पकड़ी जाए, जिससे यह छोटा कद कमजोरी न बनकर मजबूती दिलाए। नया पहचान दे। आज कई कॉमेडी धारावाहिक में इसी कद ने काम दिलाया है। यह कहना है द कपिल शर्मा शो में भाग ले चुके फरीदाबाद सेक्टर-9 निवासी जतिंद्र सूरी का। उन्होंने कॉलेज के समय से ही एक्टिंग करना शुरू कर दिया। (संवाद)
आइने के आगे करने लगा प्रैक्टिस
कॉलेजों के स्टेज शो, गांव-मोहल्लों में आयोजित कार्यक्रमों में कॉमेडी शो आदि करने लगे। छोटे-मोटे शो से आत्मबल बढ़ा और काम में निखार आता गया। साल 2014 में द कपिल शर्मा शो में भाग लेने का मौका मिला। वहां काफी कुछ सीखने को मिला। आज कई कॉमेडी धारावाहिक में काम करने का अवसर मिला है। जतिंद्र सूरी ने बताया कि उन्होंने एक्टिंग का कोई कोर्स नहीं किया है। न ही ट्रेनिंग ली है। कॉलेज में पढ़ते समय एक्टिंग में आने का मन बनाया। घर में आइने के सामने खड़े होकर घंटों कॉमेडी की एक्टिंग करने लगा। कोशिश करने लगा कि कैसे लोगों को हंसाएं। घंटों प्रैक्टिस के बाद मोहल्लों में आयोजित कार्यक्रमों में अपनी हुनर को दिखाने पहुंच जाता था। धीरे-धीरे हिचकिचाहट दूर हुई और देश के अधिकांश शहरों में शो करने लगा।
छात्रों को भी बना रहे हैं हुनरमंद
जतिंद्र के अनुसार इस समय वह कई फिल्मों में भी काम कर रहे हैं। पंजाबी व अन्य भाषा की फिल्मों में उन्हें मौका मिला है। इसके अलावा वह पलवल, फरीदाबाद आदि जिलों के कॉलेज एवं स्कूलों के 150 छात्रों को मुफ्त में हुनरमंद बना रहे हैं। उन्हें कॉमेडी करने का गुर सिखा रहे हैं।