आईएमटी क्षेत्र में चल रही पार्किंग परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राज्य मंत्री राजेश नागर की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को सेक्टर-12 में उपायुक्त कार्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा, एमसीएफ आयुक्त धीरेंद्र खड़खड़ा, हुडा एडमिनिस्ट्रेटर नीरज कादियान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान आईएमटी फरीदाबाद के लंबे समय से लंबित एमसीएफ और एचएसआईआईडीसी के बीच रखरखाव व्यय से जुड़े एमओयू के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया। इसके साथ ही बैठक में एचएसआईआईडीसी अधिकारियों के साथ आईएमटी क्षेत्र में चल रही पार्किंग परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बता दें कि तय योजना के तहत पांच प्रस्तावित पार्किंग में से सबसे बड़े पार्किंग स्थल पर फिलहाल मिट्टी भराई का कार्य तेजी से जारी है। हालांकि बारिश के चलते निर्माण कार्य की गति थोड़ी प्रभावित जरूर हुई है, लेकिन विभाग ने मार्च 2027 तक पक्की पार्किंग, बाउंड्री वॉल और अन्य सभी जरूरी विकास कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
अंत में मंत्री राजेश नागर ने सभी पक्षों की बात को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को इस विषय पर शीघ्र ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही एमसीएफ अधिकारियों के साथ एक और अहम बैठक होगी, जिससे वर्षों पुराना यह लंबित मामला सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगा।