किसी की पेंशन रुकी तो किसी का कट गया राशन, नहीं हो रहा समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में बृहस्पतिवार को आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता सीटीएम अंकित कुमार ने की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में सबसे अधिक मामले परिवार पहचान पत्र में गलत आय दर्ज होने और इसी कारण राशन व पेंशन जैसी सुविधाएं प्रभावित होने के सामने आए।
गलत तरीके से दर्ज की 10 एकड़ जमीन
गांव भनकपुर निवासी सुरेंद्र की परिवार पहचान पत्र में वार्षिक आय आठ लाख रुपये दर्ज है, जबकि उनकी वास्तविक आय करीब 1.5 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर उनके नाम पर गलत तरीके से करीब 10 एकड़ भूमि दर्ज कर दी गई, जिससे आय अधिक दिखाई जा रही है। इसके कारण उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत देने के बावजूद अभी तक सुधार नहीं हुआ है।
गलत आय से सात महीने से राशन बंद
चंदावली निवासी कलावती ने बताया कि परिवार पहचान पत्र में अधिक आय दर्ज होने के कारण पिछले सात महीने से उनका राशन बंद है। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित कार्यालय के कमरा नंबर-11 के चक्कर लगाए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वह पहली बार समाधान शिविर में पहुंचीं, जहां अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
जन्मतिथि की गलती से पेंशन अटकी
वहीं, सेक्टर-91 निवासी लौंग श्री ने बताया कि जन्मतिथि गलत दर्ज होने के कारण उनकी पेंशन नहीं बन पा रही है। वह परिवार पहचान पत्र में जन्मतिथि संशोधन करवाने के लिए पहली बार समाधान शिविर में पहुंची। अधिकारियों ने उनकी समस्या दर्ज कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।
फैमिली आईडी में गलत पेंशन और आय दर्ज
बल्लभगढ़ निवासी आशा ने बताया कि फैमिली आईडी में उनकी सास (रामवती) की विधवा पेंशन 3200 है, लेकिन परिवार पहचान पत्र में रिटायर पेंशन 24000 दिखाई गई है। वहीं उनके देवर योगेंद्र मजदूरी करते हैं लेकिन उनकी आय तीन से पांच लाख दिखाई गई है। आय गलत दर्ज होने के कारण उन्हें भी सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।