फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सज गया सूरजकुंड: आज से शुरू हो जाएगा इंटरनेशनल मेला, देश-विदेश से सामान लेकर पहुंचे लोग; इस बार ये होगा खास

Sat, 31 Jan 2026 01:38 AM IST
विकास कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, फरीदाबाद

सार

इस बार मेला और भी ज्यादा भव्य और सुंदर होने वाला है। मेला स्थल को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है।
विज्ञापन
सुरजकुंड मेला 2026 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आज से 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले का आगाज होने जा रहा है। इस बार मेला और भी ज्यादा भव्य और सुंदर होने वाला है। मेला स्थल को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है। इस बार भी देश-विदेश से लोग अपनी कला, संस्कृति, परंपरा, परिधान सहित अन्य सामग्री लेकर मेले में पहुंचे हैं, जोकि पर्यटकों को काफी पसंद आने वाला है।

विज्ञापन

हर राज्य का स्वाद चख सकेंगे लोग
मेले में इस बार जोन टू हवेली में 20 फूड की स्टॉल लगाई जाएंगी। इसके साथ ही ऊपर की ओर फूड कोट में करीब 39 स्टॉल लगाई जाएंगी, जिसमें सभी राज्यों की स्टॉल होंगी। मेले में थीम स्टेट उत्तर प्रदेश व मेघालय को अलग से फूड स्टॉल लगाने की जगह दी जाएगी। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ सहित अन्य राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजन चखने का मौका मिलेगा। मेले में पर्यटकों को अलग- अलग राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजन चखने को मिलेंगे।

थीम स्टेट उत्तर प्रदेश व मेघालय की होंगी 40 स्टॉल
थीम स्टेट उत्तर प्रदेश और मेघालय को मेले में अलग से जगह दी जाएगी। प्रत्येक राज्य की 40 दुकानें होंगी। मेघालय को पहली बार थीम स्टेट बनने का मौका मिला है, जबकि उत्तर प्रदेश पहले 2018 में थीम स्टेट रह चुका है। इन सभी स्टॉल पर शहर की ऐतिहासिक पहचान को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, वहां की जीवनशैली, खानपान और सांस्कृतिक धरोहर को भी आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।

50 से 500 रुपये होगी वाहन पार्किंग फीस
सभी पार्किंग प्वाइंट्स पर पर्यटकों को सही दिशा-निर्देश देने के लिए कर्मचारी तैनात रहेंगे, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही पर्यटक मेले के लिए पार्किंग पास ऑनलाइन भी बुक करा सकेंगे। हरियाणा पर्यटन विभाग ने पार्किंग संचालन की जिम्मेदारी निजी कंपनी को सौंपी है। पार्किंग शुल्क की बात करें तो दुपहिया वाहनों के लिए 50 रुपये शुल्क है, वहीं कार पार्क करने के लिए चालकों को 200 रुपये का भुगतान करना होगा। मिनी बस के लिए 300 रुपये और बड़ी बस के लिए 500 रुपये देने होंगे। सूरजकुंड के पांच मुख्य द्वारों के आस-पास कुल 11 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इससे किसी भी रूट से आने वाले व्यक्ति को पार्किंग को लेकर परेशानी नहीं होगी।

सूरजकुंड मेले के लिए बस सेवा
मेले में जाने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए रोडवेज की ओर से 20 बसों का संचालन किया जाएगा। मेला स्पेशल बसों की सुविधा सुबह 7 से रात के 9 बजे तक मिलेगी। इसके अलावा सरकारी छुट्टी व शनिवार- रविवार को पर्यटकों की संख्या अधिक होने पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। बसों का संचालन प्रत्येक 30 मिनट से लेकर एक घंटे के अंतराल पर होगा।

यहां से मिलेगी बस सेवा
1. बल्लभगढ़ बस अड्डे से तुगलकाबाद के लिए बस वाया एनआईटी सूरजकुंड सुबह 7, 8, 9 व 10 बजे, दोपहर में 12 व 1:30 बजे और शाम को 3, 4:30, 5:30 व 6:30 बजे जाएगी।
2. तुगलकाबाद से बल्लभगढ़ बस अड्डा, वाया सूरजकुंड सुबह 8:30, 9:30, 10:30, 11:30 बजे, दोपहर 1:30 बजे और शाम 3, 4:30, 6:30 व रात 7 बजे रवाना होगी।
3. बल्लभगढ़ बस अड्डे से सूरजकुंड वाया एनआईटी सुबह 7:30, 8:30, 9:30, 10:30 बजे, दोपहर 12:30, 1, 2:30, 3:30 बजे और शाम 4 व 7:30 बजे जाएगी।
4. सूरजकुंड से बल्लभगढ़ बस अड्डा वाया एनआईटी सुबह में 8:30, 9:30, 10:30, 11:30 बजे, दोपहर में 1:30, 2 व 3:30 बजे और शाम को 4:30, 5:15 बजे और रात 9:00 बजे जाएगी।
5. बल्लभगढ़ बस अड्डे से सूरजकुंड वाया ओल्ड फरीदाबाद, बदरपुर सुबह 7:15, 8:15, 10:45, 11:45 और दोपहर 1:45 व 2:45 पर रवाना होगी।
6. सूरजकुंड से बल्लभगढ़ बस अड्डा वाया बदरपुर, ओल्ड फरीदाबाद सुबह 8:45, 9:45 और दोपहर 12:15, 1:45 एवं शाम 3:15 व 4:15 बजे जाएगी।
 

मेट्रो स्टेशन से मिलेगी बस
बड़खल मेट्रो स्टेशन से मेले के लिए बस शटल सेवा (मिनी बसें) सुबह 8, 9, 10, 11 बजे, दोपहर 12, 1, 2, 3 बजे और शाम 4, 5 व 6 बजे तक मिलेगी। मेला स्थल सूरजकुंड से बड़खल मेट्रो स्टेशन लिए बस शटल सेवा (मिनी बसें) सुबह 8:30, 9:30, 10:30, 11:30 बजे, दोपहर 12:30, 1:30, 2:30, 3:30 बजे और शाम 4:30, 5:30 व 6:30 बजे तक मिलेगी।

25 रुपये में पहुंच जाएंगे मेले में
बड़खल मेट्रो स्टेशन से सूरजकुंड मेला परिसर तक जाने के लिए प्रत्येक यात्री को 10 रुपये किराए के तौर पर देने होंगे। वहीं बल्लभगढ़ से सूरजकुंड मेला परिसर तक 25 रुपये और हैप्पी कॉर्ड वाले यात्री इस बस में फ्री में सफर कर पाएंगे।

ट्रेन से ऐसे पहुंचें
पलवल की ओर से आने वाले लोग ट्रेन से पलवल से फरीदाबाद आने वाली ईएमयू ट्रेन व अन्य ट्रेनें से फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंच सकते हैं। इसके बाद पर्यटक सार्वजनिक परिवहन से सूरजकुंड मेले में पहुंच सकते हैं। ऑटो, कैब व अन्य वाहन से मेले में पहुंच सकते हैं। इसके अलावा दिल्ली से फरीदाबाद आने वाले लोग फरीदाबाद न्यू टाउन रेलवे स्टेशन पर उतरकर निजी वाहन कर मेले तक पहुंच सकते हैं।

दिल्ली से आने वालों के लिए व्यवस्था
प्रह्लादपुर बॉर्डर के रास्ते सूरजकुंड मेले में आने वाले वाहनों के लिए इरोज सिटी लैंड, राधा स्वामी सत्संग पार्किंग और एमसीएफ लैंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कैब और ऑटो चालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सवारियों को केवल एमसीएफ लैंड पार्किंग के पास ही उतारें। इसके आगे प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। निजी बसों के लिए ताज विवांता होटल के समीप स्थित हेलीपैड पार्किंग निर्धारित की गई है। दिल्ली से आने वाले पर्यटक गेट नंबर 1 से मेला परिसर में प्रवेश करेंगे।

शूटिंग रेंज रोड से आने वालों के लिए रूट
शूटिंग रेंज रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए हेलीपैड पार्किंग, क्लासिक गार्डन पार्किंग और जंगल फाउल पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस मार्ग से आने वाले ऑटो और टैक्सी केवल खोरी विलेज नाका तक ही जा सकेंगे। वहीं, अंखीर गोलचक्कर और एमवीएन चौक की ओर से आने वाले पर्यटक रोड़ी क्रशर स्टॉक पार्किंग, लेकवुड सिटी पार्किंग, इरोज पार्किंग तथा होटल गोल्ड फिंच के सामने स्थित चार एकड़ में बनी पार्किंग में अपने वाहन खड़े करेंगे। फरीदाबाद की दिशा से आने वाले दर्शकों के लिए मेला परिसर में प्रवेश गेट नंबर-2 और गेट नंबर-3 से रहेगा।
विज्ञापन

सार्वजनिक परिवहन का करें इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि सड़क किनारे या गलत स्थान पर वाहन पार्क करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और पोस्टल चालान भेजे जाएंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 पर दें। ट्रैफिक जाम या दुर्घटना की स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 0129-2267201 पर संपर्क किया जा सकता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें