भोपाल में आयोजित 23वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का किया गया था आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। भोपाल में रविवार को संपन्न हुई 23वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में जिले के अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज अनमोल जैन की टीम ने स्वर्ण पर निशाना लगाया। इसके अलावा 10 मीटर एयर पिस्टल की व्यक्तिगत स्पर्धा में शुभम वशिष्ठ को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
चैंपियनशिप का आयोजन 22 अप्रैल से 5 मई तक किया गया । इसमें अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज अनमोल जैन, प्रमोद व आदित्य मालरा की टीम ने 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। प्रतियोगिता में अनमोल जैन ने 600 में से 584, प्रमोद ने 600 में से 576 और हरियाणा के तीसरे खिलाड़ी आदित्य मालरा ने 600 में 581 अंक पर निशाना लगाया। इन तीनों खिलाड़ियों की टीम ने 1741 अंक पर निशाना लगाकर स्वर्ण जीता। व्यक्तिगत स्पर्धा में शुभम वशिष्ठ ने 600 में से 570 अंक पर निशाना लगाकर रजत जीता। पदक विजेताओं को उनके कोच व टेन एक्स शूटिंग रेंज के प्रबंधक राकेश सिंह ने बधाई दी है। तीनों खिलाड़ी अनमोल जैन, प्रमोद व शुभम वशिष्ठ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं।