बीके अस्पताल के टीबी कार्यालय में हुई मासिक समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल स्थित टीबी कार्यालय में शुक्रवार को मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. हरजिंदर सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने सभी फील्ड स्टाफ को निर्देश दिए कि वे मरीजों को लगातार जागरूक करते रहें और सभी रिपोर्ट समय पर अपलोड करें। बैठक में सभी सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर और टीबी हेल्थ विजिटर की विस्तृत समीक्षा की गई। इनमें एचआईवी टेस्ट, शुगर टेस्ट, अकाउंट नंबर और जियो ट्रैकिंग जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि समय पर इन सभी प्रक्रियाओं का पूरा होना टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की सफलता के लिए अत्यंत जरूरी है। डॉ. हरजिंदर सिंह ने बैठक के दौरान मरीजों को विशेष संदेश देते हुए अपील की कि दवा शुरू होते ही अपना अकाउंट नंबर संबंधित केंद्र पर जमा करा दें। उन्होंने बताया कि ऐसा करने से निश्चय पोषण योजना के तहत मिलने वाली प्रति माह 1000 रुपये की राशि समय पर उनके खाते में पहुंच सकेगी।