कॉलेज प्रबंधन को कर्मचारियों के वेतन रोकने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जनगणना प्रक्रिया में लापरवाही सामने आने पर नगर निगम प्रशासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी धीरेंद्र खड़गटा ने डीएवी मैनेजमेंट कॉलेज को जनगणना कार्य के लिए अनुपस्थित होने पर 9 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कॉलेज प्रबंधन को इन कर्मचारियों के वेतन रोकने के लिए भी कहा गया है।
प्रशासन के अनुसार संबंधित कर्मचारी विभाग द्वारा बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद अपनी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए। इसे जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में गंभीर लापरवाही माना गया है, जिसके चलते जनगणना अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। चार्ज ऑफिसर सुमन रतरा ने बताया कि जनगणना का कार्य केवल आंकड़े जुटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सरकार की योजनाओं, संसाधनों के वितरण और विकास की दिशा तय करने का आधार होता है। ऐसे में इसमें किसी भी तरह की ढिलाई सीधे तौर पर आम लोगों पर असर डाल सकती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेशों की अवहेलना या कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी समयबद्ध और पूरी निष्ठा के साथ निभानी होगी, अन्यथा नियमों के तहत सख्त कार्रवाई तय है।
नगर निगम प्रशासन ने अन्य सभी संबंधित कर्मचारियों को भी सतर्क करते हुए अपील की है कि वे जनगणना कार्य को गंभीरता से लें और सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार अपनी ड्यूटी सुनिश्चित करें, ताकि इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को समय पर और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।