संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सोमवार को क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का विधायक मूलचंद शर्मा के बड़े भाई टिपरचंद शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के मौसम से पहले सभी नालों की सफाई का कार्य पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान ने उन्होंने पथवारी मंदिर से लेकर भीकम कॉलोनी और तिगांव रोड तक चल रहे नाले की सफाई कार्य का जायजा लिया।
इसके अलावा मोहना रोड नाले और मिल्क प्लांट नाले की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हरि विहार क्षेत्र तथा हरि विहार डिस्पोजल के कार्यों का अवलोकन करते हुए गलियों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की। इसके अलावा तिगांव रोड स्थित राजकीय वरिष्ठ कन्या विद्यालय बल्लभगढ़ की चहारदीवारी के मरम्मत कार्य का भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। यह कार्य विधायक फंड से कराया जा रहा है। इस अवसर पर पार्षद महेश गोयल, पार्षद सोनू वैष्णव, पार्षद योगेश शर्मा सहित अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।