- एक ही दिन में दो हादसे, मेले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सूरजकुंड मेले में शनिवार की शाम सुनामी झूला टूटने से 13 लोग घायल हो गए। जबकि पलवल पुलिस लाइन में तैनात 56 वर्षीय निरीक्षक जगदीश प्रसाद की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं जगदीश प्रसाद दो माह बाद रिटायर होने वाले थे।
जानकारी के अनुसार हादसा शाम करीब सवा छह बजे हुआ। झूला ग्राउंड में स्थित सुनामी झूले पर करीब 15 लोग सवार थे। फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला जा रहा था तभी झूले का दूसरा हिस्सा भी टूटकर जमीन पर गिर पड़ा। इसमें करीब 13 लोग घायल हो गए। सभी को किसी तरह बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने निरीक्षक जगदीश को मृत घोषित कर दिया। निरीक्षक जगदीश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा के रहने वाले थे और पलवल पुलिस लाइन में तैनात थे। करीब दो माह बाद उनकी सेवानिवृत्ति होनी थी। शनिवार को उनकी ड्यूटी सूरजकुंड मेले में लगी थी। जैसे ही उन्हें झूला टूटने की सूचना मिली वे तुरंत मौके पर पहुंचे और लोगों को बचाने में जुट गए। इसी दौरान झूले का दूसरा हिस्सा टूटकर उनके सिर पर गिर गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
महा चौपाल पर होने वाला कार्यक्रम किया गया रद्द
सूरजकुंड मेले के गेट नंबर दो पर एक सजावटी गेट भी गिर गया। इसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे भी नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात में महा-चौपाल पर आयोजित होने वाला एक कार्यक्रम भी एहतियातन रद्द कर दिया गया।
हादसे में करीब 13 लोग घायल हुए हैं और एक निरीक्षक की मौत हुई है। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। - आयुष सिन्हा, उपायुक्त