पहली बारिश ने खोली जल निकासी की पोल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर निगम के दावों की हवा निकाल दी है। क्षेत्र के नंगला गुजरान पार्ट-दो और उसके आसपास के औद्योगिक इलाके में हुई भारी बारिश के कारण कई फीट तक पानी भर गया है। आलम यह है कि मुख्य सड़कें और गलियां पूरी तरह तालाब में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय निवासियों, उद्यमियों और फैक्टरियों में काम करने वाले कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जलभराव का सबसे बुरा असर नंगला गुजरान के औद्योगिक क्षेत्र पर पड़ा है। सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा होने के कारण फैक्टरियों के मुख्य द्वारों तक पहुंचना दूभर हो गया है। कई छोटी औद्योगिक इकाइयों के भीतर भी बारिश का पानी घुस गया है, जिससे कच्चे माल और मशीनों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। उद्यमियों का कहना है कि जलभराव के चलते कर्मचारी समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिसके कारण उत्पादन और कामकाज पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
स्थानीय निवासियों और कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए आरोप लगाया है कि हर साल बारिश से पहले नालों की सफाई के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बरसात में जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। जलभराव के कारण सड़कों पर गहरे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। उद्यमियों ने नगर निगम से मांग की है कि क्षेत्र से जल्द से जल्द पंप लगाकर पानी निकाला जाए और नालों की सफाई कराई जाए।