फरीदाबाद। उपायुक्त यशपाल ने बृहस्पतिवार को सेक्टर-12 स्थित सभागार कक्ष में स्वतंत्रता दिवस समारोह के संबंध में बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को खेल परिसर में मनाए जाने वाला समारोह कोविड नियमों के तहत आयोजित किया जाएगा। जिन अधिकारियों को जो जिम्मेदारी दी गई है, वे उसका निर्वहन करें।
उपायुक्त ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस समारोह को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। संबंधित विभागों के अधिकारी अपने से जुड़े दायित्वों का निर्वाह निर्देशों के अनुसार समय रहते पूरा करें। समारोह में समुचित बिजली, पेयजल आपूर्ति, बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए ड्रेनेज सिस्टम, साफ-सफाई, परेड रिहर्सल, माइक सर्विस, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पांच अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम की रिहर्सल शुरू की जाएगी। 10, 11, 12 अगस्त को परेड की रिहर्सल और 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर सिंह मान, एसीपी आदर्शदीप सिंह, आरटीए जितेंद्र अहलावत आदि मौजूद रहे।