संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में लगातार बढ़ते प्रदूषण स्तर को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेप (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) का चौथा चरण लागू कर दिया है। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि शहर के वायु गुणवत्ता सूचकांक में अचानक और तेज गिरावट दर्ज की गई है। इन हालात को देखते हुए ग्रेप पर उप-समिति की आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें ग्रेप चार की श्रेणी के सभी प्रतिबंध लागू करने का निर्णय लिया गया।
शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक लगातार 300 के करीब बना हुआ है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है। खराब हवा के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत, खांसी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याएं हो रही हैं। अस्पतालों में सांस से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी वायु गुणवत्ता सूचकांक के अनुसार रविवार को सेक्टर-11 इलाके का प्रदूषण स्तर सबसे अधिक 297 रिकॉर्ड किया गया। वहीं बल्लभगढ़ का एक्यूआई 256 और फरीदाबाद क्षेत्र का 247 दर्ज किया गया।