विधायक ने स्थानीय लोगाें के हाथों कराई शुरुआत
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। विधानसभा क्षेत्र में सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करीब 55 लाख रुपये की लागत से आरएमसी सड़कों के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। विधायक मूलचंद शर्मा ने सेक्टर-2 में स्थानीय निवासियों के हाथों नारियल फुड़वाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।
सड़क निर्माण कार्य हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से कराया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद सेक्टर-2 सोसाइटी और पॉकेट-160 सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। स्थानीय निवासियों ने सड़क निर्माण शुरू होने पर विधायक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनका आभार जताया।
विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इस मौके पर टिपरचंद शर्मा, आरडब्ल्यूए प्रधान अजय शर्मा, पवन सिंघल, पूर्व पार्षद दयाचंद यादव, राम भारद्वाज, रमन सूद, स्वराज भाटी आदि मौजूद रहे।