1.312 किलोग्राम गांजा, 11 पिस्तौल व 412 बोतल शराब बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस ने चौथे सप्ताहांत अभियान के दौरान 1.312 किलोग्राम गांजा, 11 देसी पिस्तौल, दो कारतूस, 412 बोतल शराब और जुए की 25,330 नकद राशि बरामद करते हुए 166 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 31 जुलाई से दो अगस्त तक यह अभियान चलाया गया है।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में जिलेभर के थाना प्रभारियों, अपराध शाखाओं, पीओ स्टाफ और अन्य विशेष टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। 166 आरोपियों में 72 उद्घोषित व जमानत से फरार आरोपी भी शामिल हैं। इसके अलावा 39 गुमशुदा लोगों को सकुशल तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया गया। पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस अधिनियम के चार मामलों में कार्रवाई करते हुए 1.312 किलोग्राम गांजा बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। शस्त्र अधिनियम के तहत 11 देसी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद कर 11 आरोपियों को पकड़ा गया। आबकारी अधिनियम के पांच मामलों में 412.5 बोतल देसी शराब बरामद की गई। वहीं जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 25,330 नकद बरामद कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि अब तक करीब 1,010 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 550 से अधिक उद्घोषित अपराधियों और जमानत से फरार आरोपियों पर कार्रवाई की गई है, जबकि 150 से अधिक गुमशुदा व्यक्तियों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया गया।