नूंह। सदर थाना क्षेत्र के गांव बीवां में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार के घर पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी मुस्तफा पुत्र हसन मोहम्मद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 फरवरी की शाम उसके भतीजे अयान और पड़ोसी युवक के बीच स्कूल में खेलते समय झगड़ा हो गया था। इसके कुछ देर बाद 15-18 लोग लाठी-डंडे, फरसा व लोहे की रॉड लेकर उसके घर पर चढ़ आए और परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर का गेट तोड़ने का प्रयास किया, स्कूटी व कार में तोड़फोड़ की और ईंट-पत्थर भी बरसाए। घटना में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल नूंह व बाद में पीजीआईएमएस रोहतक में भर्ती कराया गया। पुलिस ने डायल 112 की सूचना पर मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद