संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के मामलों में जब्त की गई करोड़ों रुपये की अवैध शराब को नष्ट किया है। थानों में लंबे समय से लंबित माल मुकदमों के निपटारे के तहत थाना शहर, सदर और कैंप से संबंधित मामलों में जब्त शराब को विधिवत प्रक्रिया पूरी करने के बाद नष्ट किया गया। यह पूरी कार्रवाई डीएसपी मुख्यालय अनिल कुमार, एक्साइज इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह और जिला मालखाना मोहर्र सब इंस्पेक्टर जगबीर सिंह की संयुक्त समिति की निगरानी में संपन्न हुई। जिला पुलिस ने कुल 52 मामलों में जब्त 46 हजार 543 बोतल, अध्धे और पव्वे नष्ट किए है। जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा समय-समय पर चलाए गए विशेष अभियानों के दौरान भारी मात्रा में अवैध देशी व अंग्रेजी शराब जब्त की गई थी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और अदालत से अनुमति मिलने के बाद इस शराब को अशोका डिस्ट्रिलीज, हथीन में नष्ट किया गया।