राहगीरों के लिए रास्ता पार करना भी मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-37 बाईपास रोड पर सड़क के दोनों ओर खड़े वाहनों ने यातायात की रफ्तार धीमी कर दी है। इससे राहगीरों को सड़क पार करने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान नहीं होने के कारण वाहन चालक सड़क का इस्तेमाल पार्किंग स्थल के रूप में कर रहे हैं।
नियमित रूप से बड़ी संख्या में वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। इससे सड़क का काफी हिस्सा पार्किंग की चपेट में आ जाता है। बाकी बची जगह से वाहनों को गुजरना पड़ता है। लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के व्यस्त समय में स्थिति और खराब हो जाती है। वाहनों का दबाव बढ़ने से सड़क पर निकलने की जगह कम हो जाती है। ऐसे में एक साथ दो बड़े वाहनों के गुजरने में भी परेशानी आती है। दोपहिया वाहन चालकों को आगे निकलने के लिए बार-बार अपनी दिशा बदलनी पड़ती है। कई बार वाहनों की कतार लगने से जाम जैसी स्थिति बन जाती है।
सड़क किनारे खड़े वाहनों की वजह से गुजरते समय सामने से आने वाले वाहन आसानी से दिखाई नहीं देते। इससे टक्कर होने का खतरा बना रहता है। ट्रैफिक एसएचओ अनोज कुमार ने बताया कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यातायात सुचारु रखने के लिए नियमित निगरानी भी की जाएगी।